जंगल कौड़िया ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बिजली तीन महीने से गुल, जांचें प्रभावित
गोरखपुर। जंगल कौड़िया ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तीन महीने पहले बिजली कनेक्शन में खराबी आ गई थी। तभी से केंद्र में बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में मरीजों की कई जरूरी जांचें यहां नहीं हो पा रही हैं। इसकी वजह से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। दरअसल, जिस ट्रांसफॉर्मर से केंद्र को आपूर्ति दी जाती है उसकी सीटीपीटी यूनिट खराब है।
कैंपियरगंज वितरण खंड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि पिछले दिनों वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बिजली शुरू तो की गई थी, लेकिन इससे कनेक्शन का सीटीपीटी चलना मुश्किल हो रहा था। सीटीपीटी यूनिट बदलकर उसे लगाने की जिम्मेदारी ग्रामीण परीक्षण खंड की है। उन्हें इसकी जानकारी है या नहीं, इसका अंदाजा नहीं है। कुछ दिनों पहले सीटीपीटी यूनिट को अलग कर सीएचसी की बिजली आपूर्ति कराई गई।
सीएचसी प्रभारी डॉ. मणि शेखर का कहना है कि केंद्र में बिजली की आपूर्ति तीन महीने से ठप है। इस कारण डेंटल विभाग की मशीनें नहीं चल पा रही हैं। परिसर में पानी का संकट होने से शौचालयों में गंदगी है। आवासों में कोई डॉक्टर या कर्मचारी रुकने को तैयार नहीं है।
बिजली प्रभावित होने से अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। मुख्य अभियंता देवेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। सोमवार दोपहर 12 बजे तक मामले का निस्तारण हो जाएगा। परीक्षण खंड के कामों की भी जांच कराई जाएगी।
क्या होता है सीटीपीटी
सीटी और पीटी दोनों मेजरिंग डिवाइस हैं। दोनों का उपयोग करंट और वोल्टेज नापने के लिए किया जाता है। इसका काम हाईवोल्टेज और हाई करंट को कम करते हुए कुछ पैरामीटर की जानकारी देने से है। इससे हाईवोल्टेज और अन्य तकनीकी चीजें दुरुस्त की जा सकती हैं। इसे एलटी लाइन को पावर कनेक्शन देने के काम में इस्तेमाल करते हैं।