गोरखपुर शहर में चलने वाली इलेक्ट्रिक बस के अब अगले महीने चलने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ में 5, 6 और सात अक्तूबर को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों में इलेक्ट्रिक बस चलने की संभावना जताई जा रही है। पहले इसे 26 सितंबर को गोरखपुर सहित कई शहरों में चलाया जाना था।
वहीं, नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने सोमवार को महेसरा में बन रहे निर्माणाधीन सिटी बस चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्माण मानक के अनुसार पूर्ण करने का निर्देश दिया। उपस्थित ठेकेदारों एवं सीएंड डीएस विभाग के अभियंताओं को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दी गई जानकारी
नगर निगम के सफाई से जुड़े कर्मचारियों को कार्यशाला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई। तीन दिवसीय कार्यशाला के दौरान शासन द्वारा नामित आईटीसी लिमिटेड के आईडीसी ने ठोस अपशिष्ट कूड़े के सही ढंग से निस्तारण के बारे में बताया।
सहायक नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
मेयर सीताराम जायसवाल एवं नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस दौरान उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त मणि भूषण तिवारी, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सभी मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, सभी वार्ड नोडल अधिकारी, समस्त जोनल अधिकारी एंव समस्त वार्डों के सुपरवाइजर, मेठ उपस्थित रहे।
सहायक नगर आयुक्त मणि भूषण तिवारी ने सोमवार को वार्ड संख्या 20 गिरधरगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों को दिशानिर्देश देते हुए सफाई कार्य के साथ गार्वेज कलेक्शन सेंटर को खाली कराया। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाईजेशन एवं छिड़काव कराया।
सूबा बाजार में दूर कराया जलभराव
जलभराव दूर करने के लिए सूबा बाजार से तुर्रा नाले तक चार जेसीबी से सफाई कराई गई। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त मणिभूषण तिवारी मौजूद रहे।