तिवारीपुर थाना क्षेत्र का मामला, युवक के दोनों हाथ फ्रैक्चर, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र में बिल्ली को लेकर पटीदारों के बीच विवाद हो गया। युवक मो. शहजादे ने आरोप लगाया कि बड़े पापा की पालतू बिल्ली आए दिन घर में गंदगी करके चली जाती है। शिकायत करने पर भतीजे को पीटकर छत से फेंक दिया गया। इससे उनके दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए। पुलिस ने मो. शहजादे की तहरीर पर सना खातून और शन्नू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कच्चीबाग के पास रहने वाले 30 साल के मो. शहजादे ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि बड़े पापा शन्नू और उनका परिवार एक ही घर में अलग-अलग रहता है। बड़े पापा की बिरयानी की दुकान है। उनका सारा काम घर से ही होता है। बड़े पापा ने एक बिल्ली पाली है। वह रोज उनके हिस्से के घर में गंदगी कर चली जाती है। आए दिन किचन व बेडरूम में गंदगी करती है। इससे घर में बदबू आती है। बार-बार साफ करना पड़ता है। इसके लिए कई बार बड़े बड़े पापा से शिकायत की। वह बात को सुनकर टाल जाते हैं।
मो. शहजादे ने पुलिस को बताया कि बुधवार को उनकी पालतू बिल्ली फिर से उनके हिस्से के घर में आ गई। बिल्ली ने कई जगहों पर गंदा किया था। तत्काल शिकायत बड़े पापा से की। विरोध पर वह और उनके परिवार के लोग नाराज हो गए। सभी ने मिलकर उन्हें पीटा फिर छत से नीचे फेंक दिया। जमीन पर गिरते ही वह अचेत हो गए। परिजन अस्पताल लेकर गए। इलाज के बाद एक्स-रे कराया गया तो डॉक्टर ने बताया कि दोनों हाथों में फ्रैक्चर हो गया है।
उधर, बिल्ली के मालिक शन्नू का कहना है कि आरोप गलत है, घरेलू विवाद को नया रूप दिया जा रहा है। इस संबंध में तिवारीपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।