गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह 11 बजे के करीब आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी झोलाछाप है।
पुलिस ने 40 वर्षीय आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के घर से पुलिस को अश्लील फिल्म के रिकॉर्ड मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक, खोराबार इलाके के एक गांव में झोलाछाप, क्लीनिक चलाता है। दो दिन से परिवार के लोग कहीं गए हैं। आरोप है कि सोमवार को उसने पड़ोस की एक आठ साल की बच्ची को कूड़ा फेंकवाने के बहाने घर में बुला लिया। इसके बाद अश्लील फिल्म देखकर उससे दुष्कर्म किया।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोस से उसकी मां और अन्य लोग पहुंच गए। आपत्तिजनक हालत में देखकर आरोपी को पकड़ लिया और फिर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है।