जलभराव की समस्या दूर कराने के लिए काम शुरू कराया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर के सरदारनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत डुमरी खास में वर्षों पूर्व गांव के कुछ लोगों ने ग्रामसभा की जमीन पर कब्जा कर जलनिकासी के लिए बनी पुलिया और नाले को बंद कर दिया था। गांव के फौजी युवक हरिवंश पासवान के प्रयास से बुधवार को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कार्य शुरू करा दिया गया है।
डुमरी खास के पासी टोला और उसके आसपास होने वाले जलभराव की समस्या से निजात के लिए दो दशक पूर्व पुलिया और नाले का निर्माण कराया गया था। वर्षों पूर्व गांव के कुछ अराजकतत्वों ने पुलिया और नाले को पाटकर कब्जा जमा लिया था। जिससे पासी टोला और उसके आसपास जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
बरसात में सौ एकड़ से अधिक फसल डूबकर बर्बाद हो जाती थी। फौजी युवक एक साल से समाधान दिवस में समस्या के समाधान की मांग करता रहा। बीते समाधान दिवस में कमिश्नर रवि कुमार एनजी को इस समस्या से अवगत कराया गया। बीते दिनों नायब तहसीलदार अलका सिंह ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन करा दिया था और कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया था। लेकिन कार्य के आरंभ में कुछ अराजकतत्व बाधा उत्पन्न कर रहे थे।
फौजी युवक ने मंगलवार को इंस्पेक्टर मनोज कुमार पांडेय से मुलाकात कर सहयोग मांगा। इंस्पेक्टर ने बुधवार को मौके पर फोर्स भेजकर कार्य शुरू कराया। ग्राम प्रधान अच्छेलाल साहू ने बताया कि जलभराव से निजात के लिए पासी टोला स्थित पानी टंकी से श्यामा पासवान के खेत तक पुलिया और पक्की नाली का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस कार्य के शुरू होने से गांव के लोगों में खुशी है।