मूर्ति को अंतिम रूप देते मूर्तिकार गोपाल पाल।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले में शासन और प्रशासन की गाइडलाइन आने के बाद शहर की पूजा समितियों ने दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर की सभी समितियों ने निर्णय लिया है कि वह देश और समाजहित में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए पिछले साल की तरह ही इस साल भी शक्ति उपासना के इस महापर्व को सादगी के साथ मनाएंगे। समितियां भी छोटी प्रतिमाओं के अनुरूप पंडाल छोटा लगाने की तैयारी कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ गाइडलाइन के अनुसार मूर्तिकार भी माता की छोटी प्रतिमाओं का निर्माण कर रहे हैं।
कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए दुर्गा पूजा को इस बार भी सादगी के साथ मनाया जाएगा। पूजा के लिए छह फीट की प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है। आयोजन में समिति की ओर से कोविड सुरक्षा का पूजा ख्याल रखा जाएगा।
-अभिषेक चटर्जी, सचिव, बंगाली समिति दुर्गाबाड़ी
हमारी समिति का यह 50वां वर्ष है। ऐसे में इस बार दुर्गा पूजा को भव्य रूप से मनाने की तैयारी थी, लेकिन कोविड के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से दूर्गा पूजा को सादगी के साथ मनाया जाएगा। छोटी प्रतिमा के साथ ही छोटा पंडाल बनाया जाएगा।
-कन्हैया लाल वैश्य, कोषाध्यक्ष, दुर्गा पूजा समिति असुरन चौक
इस बार भी पिछले साल की तरह सिर्फ सात फीट की दुर्गा प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं प्रतिमा को कालीबाड़ी मंदिर में ही स्थापित कराया जाएगा। पूरे आयोजन कि दौरान श्रद्धालुओं में कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा।
-चंदन अग्रवाल, अध्यक्ष दुर्गा पूजा समिति कालीबाड़ी
दुुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस बार बाहर पंडाल बनाया जाएगा। गाइडलाइन के मुताबिक पंडाल में छोटी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सैनिटाइजर एवं मास्क की व्यवस्था समिति की ओर से की जाएगी।
-जितेंद्र अग्रवाल, व्यवस्थापक, दुर्गा पूजा समिति दीवान बाजार