-डिस्चार्ज मरीज को घर छोड़ने के नाम पर रुपये लेने का आरोप, गार्डों ने दौड़ाकर पकड़ी एम्बुलेंस
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज एक मरीज को रुपये लेकर घर पहुंचाने के लिए निकली 108 नंबर की सरकारी एम्बुलेंस पकड़ ली गई। सिद्धार्थनगर से लाए मरीज को वार्ड में भर्ती कराने के बाद रुपये के लालच में चालक और ईएमटी ने बीआरडी से डिस्चार्ज मरीज को घर छोड़ने के लिए एंबुलेंस में बैठा लिया था। बीआरडी के गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने एम्बुलेंस रोकने का प्रयास किया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। गार्डों ने दौड़ाकर एम्बुलेंस को पकड़ लिया। चालक वृजेश पटेल और इएमटी नंदू शाहू को मेडिकल कॉलेज चौकी की पुलिस ने चालान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के खमरिया की रहने वाली शारदा देवी ने अपनी बीमार मां सोना देवी को सोमवार की सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया था। दोपहर बाद डॉक्टरों ने सोना देवी को छुट्टी दे दी। इसके बाद शारदा और अन्य परिजन परिसर में ही वाहन तलाश रहे थे। इसी बीच सिद्धार्थनगर जिले से एक मरीज को लेकर 108 नंबर की एम्बुलेंस मेडिकल कॉलेज पहुंची। शारदा देवी ने एम्बुलेंस चालक से घर तक छोड़ने का निवेदन किया और पैसे देने की भी बात कही। लालच में चालक और एमटी तैयार हो गए।
जैसे ही एम्बुलेंस में सोना देवी और उनके परिजनों को बैठाकर चालक बाहर निकला, मेडिकल कॉलेज के गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर चालक ने एम्बुलेंस लेकर भागने की कोशिश की तो गार्डों ने दौड़ाकर गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी विकास मिश्रा ने बताया कि देर रात एंबुलेंस चालक बृजेश पटेल और इएमटी नंदू शाहू को शांतिभंग में चालान कर दिया गया। कार्रवाई के लिए बीआरडी प्रशासन से लिखित तहरीर मांगी गई है। देर रात तक बीआरडी प्रशासन की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।