जिला अस्पताल परिसर में निरीक्षण करते डीएम के विजयेंद्र पांडियन।
- फोटो : अमर उजाला।
जिला अस्पताल परिसर में कई साल से बिना आवंटन के अवैध रूप से मकानों में रह रहे तीस से अधिक परिवारों को जगह खाली करने का अल्टीमेटम प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय ने जारी किया है। इन परिवारों को बुधवार को जारी किए गए नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि 12 घंटे में जमीन खाली नहीं की तो कार्रवाई से होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी वहां रहने वाले की स्वयं होगी।
जिला चिकित्सालय परिसर स्थित होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, टीबी क्लीनिक के पीछे और महिला चिकित्सालय परिसर में तीस से अधिक परिवार कई वर्ष से अस्थायी और स्थायी निर्माण कर रह रहे हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार यह सब जिला अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। इन कर्मचारियों को इन जगहों पर रहने के लिए कभी कोई आवंटन नहीं किया गया है। 10 जनवरी 2020 को सभी लोगों को एक सप्ताह में जगह खाली करने का नोटिस प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय से जारी किया गया था लेकिन इन लोगों ने अभी तक कब्जा नहीं हटाया।