- मैरिज हाउस, कैटरर्स, बैंड और फोटोग्राफर संगठनों की संयुक्त बैठक, देर रात तक कार्यक्रमों पर जताई चिंता
गोरखपुर। शादी-विवाह के सभी कार्यक्रम रात्रि 12 बजे तक समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा। देर रात तक कार्यक्रम चलने से वेटर, कुक, बैंड और अन्य कर्मचारियों को काम करने में कठिनाई होती है। श्रम कानूनों के तहत कर्मचारियों से निर्धारित समय के बाद जबरन काम नहीं कराया जा सकता।
यह निर्णय गोरखपुर मैरिज हाउस ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को कुक एंड कैटर्स एसोसिएशन, बैंड एसोसिएशन और फोटोग्राफर एसोसिएशन के साथ बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष एसए रहमान ने की। कुक एंड कैटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामवृक्ष ने कहा कि देर रात तक भोजन व्यवस्था चलने के कारण कारीगरों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता, जबकि अगले दिन उन्हें फिर सुबह से दूसरे कार्यक्रमों में काम करना पड़ता है। इससे कार्य की गुणवत्ता और कर्मचारियों के स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि देर रात तक डीजे और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन न्यायालय की ओर से निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए सभी संगठनों ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर विवाह समारोहों के समय निर्धारण संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में अनुराग मझवार, एजाज अहमद, विनीत अग्रवाल, नवीन श्रीवास्तव, आलोक सिंह, सुनील मेहता, राहुल गुप्ता, आकाश श्रीवास्तव, कृष्ण अग्रवाल, वैभव शाही, रफी अहमद सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।