फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर: दिवाली के पटाखों ने बिगाड़ी शहर की हवा, चार दिन में तीन गुना बढ़ा एक्यूआई; खराब श्रेणी में प्रदूषण

Tue, 10 Nov 2026 10:26 PM IST
अनुराग रंजन अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है। मंगलवार को 273 एक्यूआई होने का मतलब है कि शहर की हवा खराब श्रेणी में है।
विज्ञापन
शनिवार को 89 रहा एक्यूआई मंगलवार को बढ़कर 273 पहुंच गया। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिवाली पर आतिशबाजी का असर अब शहर की हवा में साफ दिखने लगा है। पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषक कणों ने हवा की गुणवत्ता बिगाड़ दी है। चार दिनों में एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेक्स) तीन गुना से अधिक बढ़ गया है। शनिवार को 89 रहा एक्यूआई मंगलवार को बढ़कर 273 पहुंच गया। इसके साथ ही शहर की हवा संतोषजनक श्रेणी से निकलकर खराब श्रेणी में पहुंच गई है। हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों की सेहत पर भी खतरा बढ़ गया है।

विज्ञापन
Trending Videos

जानकारी के अनुसार शनिवार को शहर का एक्यूआई 89 था। रविवार को इसमें तेजी से उछाल आया और यह 182 पर पहुंच गया। सोमवार को एक्यूआई 261 दर्ज किया गया जबकि मंगलवार को यह बढ़कर 273 हो गया। लगातार चार दिनों से बढ़ रहा प्रदूषण चिंता बढ़ाने वाला है। पटाखों से निकलने वाले धुएं में मौजूद बारीक कण और जहरीली गैसें सांस के जरिये शरीर में पहुंचकर नुकसान पहुंचा सकती हैं। मौसम की परिस्थितियां और वाहनों से निकलने वाला धुआं भी प्रदूषण को बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं।

 

लंबे समय तक रहने पर सांस लेने में परेशानी

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है। मंगलवार को 273 एक्यूआई होने का मतलब है कि शहर की हवा खराब श्रेणी में है। इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से स्वस्थ लोगों को भी सांस लेने में परेशानी हो सकती है। वहीं, अस्थमा, दमा, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों को कम समय के संपर्क में भी दिक्कत हो सकती है। आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस फूलने जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।

 

विज्ञापन

बाहर निकलें तो बरतें सावधानी

जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रशांत सिंह के अनुसार बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे लोगों को सुबह और शाम खुले में टहलने या व्यायाम करने से बचना चाहिए। बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और अच्छी फिटिंग वाला एन-95 मास्क लगाएं। बाहर शारीरिक मेहनत वाले काम करने से बचें। घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें, हालांकि कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखें। धूम्रपान, कूड़ा जलाने और अगरबत्ती-धूप जैसे अतिरिक्त धुएं से भी बचें। खांसी, सीने में जकड़न या सांस लेने में परेशानी होने पर डॉक्टर से परामर्श लें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें