गोरखपुर। समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल खजनी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा अहिरौली पहुंचा और दिवंगत शिवकुमार तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिवकुमार तिवारी की हत्या की घटना बेहद दुखद है। ऐसे समय में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा रहना सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने जिला प्रशासन से हत्या के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा, एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में प्रहलाद यादव, सुनील यादव, रुपावती बेलदार, विद्या सागर उर्फ छोटू, कृष्ण कुमार त्रिपाठी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।