गोरखपुर। रसोई गैस वितरण से जुड़े करीब 500 वितरक बुधवार को शहर में जुटेंगे। एलपीजी वितरक महासम्मेलन में वितरक कंपनियों की नीतियों और कामकाज से जुड़ी समस्याओं को उठाएंगे। मोहद्दीपुर स्थित एक निजी होटल में सम्मेलन दोपहर तीन बजे से आयोजित होगा। इसमें कई जिलों के इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के वितरक शामिल होंगे।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस शर्मा के हवाले से जिलाध्यक्ष प्रीतांशु सिंह ने बताया कि कमीशन, जबरन बिक्री, बुकिंग के अलग-अलग नियम, व्यावसायिक गैस की आपूर्ति और अधिकारियों की भूमिका प्रमुख मुद्दे होंगे। वितरक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रसोई गैस बुकिंग के लिए लागू 25 और 45 दिन की अलग-अलग व्यवस्था को खत्म कर एक समान नियम लागू करने की मांग करेंगे।
उनका कहना है कि अलग-अलग नियमों से उपभोक्ताओं को परेशानी होती है और वितरण व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ता है। वितरक एनएफआर, जबरन बिक्री, विक्रेता व्यवस्था और व्यावसायिक गैस की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा करेंगे। वितरण प्रमाणीकरण कोड की दिक्कतों और अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों पर जवाबदेही तय करने की मांग होगी। निजी पीएनजी को बढ़ावा दिए जाने से एलपीजी कारोबार पर पड़ रहे असर का मुद्दा भी सम्मेलन में उठाया जाएगा।