- पिपराइच थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस कर रही जांच
पिपराइच। थाना क्षेत्र में विदाई कराकर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की कार पर हमला होने का मामला सामने आया है। घटना में कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया हालांकि दंपति बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एम्स थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा रुदलापुर मांगा पट्टी निवासी राजकुमार शादी के बाद पत्नी की विदाई कराकर सोमवार को कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में मुड़ेरी गांव के पास पीछे से आ रहे दो बाइक सवार युवकों से साइड देने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान मामला अचानक बढ़ गया और बाइक सवार युवकों ने गुस्से में आकर कार पर ईंट फेंक दी। ईंट लगने से कार का पिछला शीशा टूट गया। अचानक हुए इस हमले से कार में सवार दूल्हा-दुल्हन घबरा गए लेकिन किसी तरह वे सुरक्षित बच निकले। घटना के बाद पीड़ित राजकुमार उर्फ राजू ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और पुलिस को लिखित तहरीर भी सौंपी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की।
थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि आसपास के लोगों और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।