गोरखपुर। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार को एक छात्रा के इलाज को लेकर ईएमओ (इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर इमरजेंसी परिसर में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, एबीवीपी के कुछ छात्र एक छात्रा को इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। इलाज की प्रक्रिया को लेकर किसी बात पर उनकी ईएमओ डॉक्टर से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला तीखी नोकझोंक तक पहुंच गया। इमरजेंसी में बहस बढ़ने के बाद वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों की भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने भी स्थिति संभालने की कोशिश की।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। संयोग से उस समय सीओ कोतवाली ओंकार भी जिला अस्पताल में मौजूद थे। उन्होंने दोनों पक्षों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने ईएमओ और छात्रों से बातचीत कर विवाद को शांत कराया। इसके बाद इमरजेंसी की व्यवस्था सामान्य हो गई और इलाज की सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहीं। सीओ कोतवाली ओंकार ने बताया कि छात्रों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।