स्पाइसजेट का विमान कुशीनगर एयरपोर्ट पर निर्धारित समय से 56 मिनट की देरी से पहुंचा। उसे दिल्ली से दोपहर 12 बजे उड़ान भरकर दोपहर बाद एक बजकर 35 मिनट पर पहुंचना था, लेकिन कुशीनगर एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने के चलते विमान ने 12 बजकर 56 मिनट पर दिल्ली से उड़ान भरी।
विमान दोपहर बाद दो बजकर 18 मिनट पर कुशीनगर एयरपोर्ट पर पहुंचा। यहां यात्रियों के स्वागत, जल सलामी, फ्यूल आपूर्ति व लगेज रखने में 20 मिनट की जगह पर 48 मिनट जहाज रुका रहा। तीन बजकर छह मिनट पर विमान ने यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
पहला बोर्डिंग पास पाकर जयप्रकाश दिल्ली जाने वाले पहले यात्री बने
कुशीनगर से दिल्ली जाने वाले सभी यात्री निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे। लेकिन 56 मिनट देर से फ्लाइट दिल्ली से चलने की वजह से यात्रियों को निर्धारित समय पर बोर्डिंग पास नहीं मिला। निर्धारित समय के एक घंटे बाद बोर्डिंग पास जारी होना शुरू हुआ। पहला बोर्डिंग पास पाकर जयप्रकाश उपाध्याय स्पाइसजेट के विमान से दिल्ली जाने वाले पहले यात्री बने। उन्हें बोर्डिंग पास सांसद विजय कुमार दूबे, विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, एयरपोर्ट डायरेक्टर एके द्विवेदी, स्पाइसजेट के स्टेशन मैनेजर कपिल खरे आदि ने सौंपा।