अयोध्या दर्शन को आए मध्य प्रदेश के श्रद्धालु की रविवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार छावनी थाना क्षेत्र के खतमसराय चौराहे के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह रास्ता भटक कर छावनी पहुंचे थे, और पैदल ही अयोध्या वापस जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश से श्रद्धालुओं की बस शनिवार को अयोध्या पहुंची थी। उसमें सवार 45 वर्षीय राज बहोर कुसवाहा पुत्र धर्मदास कुसवाहा निवासी ग्राम उमरिया, थाना गुढ़, जिला रीवा मध्य प्रदेश रात के अंधेरे में भटक कर पैदल ही जिले के विक्रमजोत थाना क्षेत्र के खतमसराय चौराहे के समीप पहुंच गए।
रविवार की सुबह बस्ती-अयोध्या लेन पर उल्टी दिशा में जाते समय श्रद्धालु सामने से आए एक अज्ञात ट्रक के पहिये के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों और राहगीरों की सूचना पर पहुंचे, विक्रमजोत चौकी प्रभारी मनीष जायसवाल ने शव को कब्जे में लिया।
मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर घर पर सूचित दिया गया है। जहां पता चला कि यात्रा पर गए हैं। शुक्रवार को अयोध्या में राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर यात्रियों की बसों को हटाया गया था।
इससे वह भटक कर रास्ता भूल कर पैदल खतमसराय तक चले आए थे। बस चालक को खबर कर दी गई है। मृतक के सहयोगी भी मौके पर पहुंच गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।