बुधवार को अनमोल की हालत जानने उसकी बहन-बहनोई और भाई भी गोरखपुर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने तीनों को बच्चों की हालत की जानकारी दी। इसके बाद वे लौट गए। प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि बच्चे की हालत अब पहले से बेहतर है। बुधवार को उसे कुछ तरल पदार्थ दिया गया। डॉक्टरों की टीम 24 घंटे उसके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
सांसद रविकिशन ने कहा कि बच्चे के इलाज के लिए जो भी जरूरत होगी, उसे हर हाल में उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवरिया की घटना से मन बहुत दुखी है। इस मामले में दोषियों को कठोर सजा मिलेगी, कोई बचेगा नहीं। सांसद ने कहा कि इस तरह का आक्रोश जिससे किसी का परिवार ही खत्म हो जाए, यह किसी तरह स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री भी इस मामले को लेकर गंभीर हैं। जो भी लोग इस नरसंहार के लिए दोषी हैं, उन्हें हर हाल में सजा दिलाई जाएगी।
अखिल भारतीय ब्राह्मण जनकल्याण समिति के राष्ट्रीय महामंत्री करुणेश पांडेय की अगुवाई में संगठन के सदस्यों ने बीआरडी मेडिकल काॅलेज पहुंचकर घायल आठ वर्षीय अनमोल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य से मुलाकात कर बेहतर इलाज का अनुरोध किया। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, बच्चे की समुचित शिक्षा व सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की। इस दौरान समिति के गोरखपुर मंडल अध्यक्ष मंगल तिवारी, उद्भव शुक्ला, रित्विज पांडेय आदि मौजूद रहे।