बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती देवरिया कांड में घायल बालक का हाल-चाल लेते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : अमर उजाला।
देवरिया हत्याकांड में घायल अनमोल को देखने मंगलवार की सुबह सीएम योगी आदित्यनाथ बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अनमोल ने सीएम के सिर पर हाथ फेरने पर आंखें खोलीं, उनकी ओर देखता रहा, मगर कुछ बोल नहीं सका।
सीएम ने अनमोल के इलाज की जानकारी ली। ट्रामा सेंटर के आईसीयू में बेड नंबर आठ पर भर्ती अनमोल के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि अनमोल के इलाज में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सीएम ने कहा कि बालक की सुरक्षा में कोई लापरवाही न बरती जाए। करीब पांच मिनट तक सीएम वार्ड में मौजूद रहे। डॉक्टरों ने बताया कि उपचार के बाद अनमोल की सेहत में सुधार हुआ है। सीएम के जाने के बाद अनमोल की सुरक्षा बढ़ा दी गई। प्रशासन की अनुमति के बिना किसी के भी मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई है। देवरिया के कांस्टेबल के अलावा मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी को भी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
सीएम के साथ सांसद रवि किशन, कमलेश पासवान, विधायक महेंद्र पाल सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश प्रसाद, प्रमुख चिकित्साधीक्षक डॉ. बीएन शुक्ला, सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे मौजूद रहे।