विकास भवन गेट पर नाले में गिरने से बच्ची की मौत
देवरिया। शहर के विकास भवन गेट पर सोमवार की रात नाले में गिरने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई। लोगों ने स्लैब हटाने की कोशिश की लेकिन, भारी होने के कारण स्लैब नहीं हटाया जा सका। किसी तरह लोगों ने बच्ची को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
भटनी थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी संतोष कुमार तिवारी रात करीब नौ बजे विकास भवन गेट पर लखनऊ से पहुंचे। उनको अपने रिश्तेदार मेडिकल कालेज के डाक्टर एचके मिश्रा के सिंधी मिल कालोनी आवास पर जाना था। इसी बीच नाले पर रखे गए दो स्लैब के बीच गैप होने से उनकी चार साल की बच्ची शानू नाले में गिर गई। बच्ची को नाले में गिरते देख वह उसे बचाने पहुंचे लेकिन गैप के चलते असहाय हो गए। उनके शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। इसी बीच व्यापारी नेता अमित मोदनवाल पहुंच गए और स्लैब हटवाने की कोशिश की। उन्होंने जेसीबी मंगाने के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह को कॉल किया लेकिन काल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद सूचना पर एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज, एसडीएम सौरभ सिंह व शहर कोतवाल अनुज सिंह मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू शुरू कराई। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मंगाई गई। जेसीबी के आने का इंतजार किया जा रहा था। इसी बीच दो युवकों ने नाले में घुसकर बच्ची को तलाशकर बाहर निकाला। उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। एसडीएम सौरभ सिंह ने बताया कि दो स्लैब के बीच गैप की वजह से बच्ची नाले में गिर गई। काफी कोशिश के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।