भटनी थाना क्षेत्र के चांदपार गांव निवासी शराफत अली (23) पुत्र निक मोहम्मद गांवों में फेरी लगाकर आइसक्रीम बेचता था। इसी दौरान करीब एक साल पूर्व खुखुन्दू थाना क्षेत्र के बहोरवा मिश्र गांव निवासी एक युवती से उसको प्रेम हो गया। परिजनों से बचकर दोनों छुप कर मिलने लगे। प्रेम परवाह चढ़ा तो दोनों एक साथ जीने-मरने की कसमें खाकर शादी करने पर अड़ गए। हालांकि युवती के घर वाले शादी कराने को तैयार नही हुए, लेकिन युवती के जिद के आगे विवश होकर इस पर उन्होंने सहमति जता दी। इसके बाद अप्रैल महीने में शराफत और जरीना की शादी धूमधाम से हुई। लोगों ने बताया कि शादी के एक महीने बाद पति-पत्नी में विवाद होने लगा।
इसको लेकर मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में कई बार पंचायत हुई। इससे तंग आकर जरीना बुधवार को मायके चली गई। बृहस्पतिवार शाम गलती का एहसास होने पर शराफत पत्नी को मनाने बहोरवा मिश्र चला गया। अगले दिन सुबह शुक्रवार को चांदपार गांव के पास पेड़ की डाली में फंदे से झूलता उसका शव मिला। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि चांदपार गांव के पास पेड़ से लटका युवक का शव मिला है। शरीर पर कोई चोट का निशान नही है। जिससे आत्महत्या के कयास लगाए जा रहे है, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति समझ में आएगी। इसके अलावा परिजनों ने युवक के ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।