उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर के राप्ती नदी के रामघाट पर रविवार को सेल्फी लेने के दौरान डूब रही युवती को बचाने में डूबे युवक का शव सोमवार देर शाम को बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ ने 24 घंटे तक अभियान चलाया जिसके बाद शव बरामद किया जा सका।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को देवरिया के भटौली के जिम संचालक अंकित पांडेय (24) अपनी परिचित युवती के साथ राजघाट, रामघाट पर घूमने आए थे। बंधे के पास कार खड़ी करके दोनों पैदल ही नदी किनारे जाकर सेल्फी लेने लगे। तभी पैर फिसलने से युवती डूबने लगी। युवती को बचाने के चक्कर में अंकित भी कूद पड़ा।
दोनों को पानी में देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। नाविकों ने युवती को बाहर निकाल लिया, लेकिन युवक का पता नहीं चला था। वह गहरे पानी में बह गया था।
भंवर में फंस गया था युवक
सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने रविवार को ही अंकित की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन रात तक उसका कहीं पता नहीं चला। सोमवार की सुबह से ही टीम लगी रही। शाम करीब साढ़े सात बजे अंकित का शव बरामद हुआ। डूबने वाली जगह से थोड़ी दूरी पर ही लह भंवर में फंस गया था। एसएचओ राजघाट की सूचना पर एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर मनोज सिंह, एचसीपी रामप्रकाश राय, कांस्टेबल सुमित त्रिपाठी, नीरज यादव, प्रिंस कुमार, भुवनेश कुमार, छविनाश यादव, प्रदीप विश्वकर्मा, अजय सिंह, उमेश यादव की टीम अंकित के तलाश में लगी थी।
एसएचओ राजघाट विजय कुमार सरोज ने बताया कि घटना की सूचना पर तत्काल एसडीआरएफ को बुलाया गया था। टीम के प्रयास से सोमवार की शाम युवक का शव बरामद कर लिया गया।