घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के सामने सड़क किनारे पानी भरे गढ्ढे में एक युवक का शव बुधवार को मिला। सूचना मिलने पर सिकरीगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की पत्नी द्वारा बीती रात को ही सिकरीगंज पुलिस को पति के गायब होने की मौखिक सुचना दी गई थी। रात से ही पुलिस युवक का पता लगाने में जुटी थी।
जानकारी के मुताबिक, इफको प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में अयोध्या जनपद कुमारगंज थाना क्षेत्र निवासी सुरेश सिंह काम करता था। मृतक के छोटे भाई उमेश कुमार सिंह पुत्र स्व. सुरेंद्र सिंह ने सिकरीगंज पुलिस को तहरीर दिया कि प्लांट पर काम करने वाले दिव्यांशु सिंह, आनन्द मिश्रा, एकांश तोमर, अजय प्रताप सिंह उसके बड़े भाई सुरेश के साथ काम करते थे।
28 जून को सुरेश अपनी पत्नी शशि सिंह को बताया था कि उक्त लोगों के साथ गोरखपुर जा रहे हैं। वहीं दूसरे दिन 29 जून को इन लोगों ने सुरेश के नंबर से ही फोन करके बताया कि सुरेश गाड़ी से उतरकर कहीं चला गया है। जब मौके पर परिजन पहुंचे तो सुरेश की हत्या कर दी गई थी। उसका शव प्लांट से 300 मीटर दूर स्थित सड़क के किनारे पानी से भरे गड्ढे में मिली।
थानाध्यक्ष सिकरीगंज राजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चार नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।