मौके पर जुटे पुलिस अधिकारी, इनसेट में मृतक।
- फोटो : अमर उजाला।
घर सें शादी समारोह में गए युवक का शव घर के सामने निर्माणाधीन नाली में मिला। पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। यह मामला खोराबार क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव का है।
मिली जानकारी के अनुसार, जंगल अयोध्या प्रसाद निवासी रामकुमार जायसवाल (37) सोमवार की रात 10 बजें घर से साइकिल से गांव में रामाज्ञा यादव के घर शादी में गया था। मंगलवार की भोर में घर के लोग जागे और बाहर निकले तो देखें घर के सामने बनी नाली में ऊपर से रखे पटरे के बगल में राजकुमार गिरा हुआ हैं और उसके ऊपर साइकिल पड़ी है।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई रामलक्षण ने बताया कि हमारा मूल गांव सोनबरसा उजरी पट्टी थाना पिपराइच है। मृतक मजदूरी का काम करता था, अपने पीछे पत्नी अनीता, बेटी कविता (24), सूरज (15), धीरज (13), नीरज (10) को छोड़ गया है। पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।
बेटी कविता की शादी हो चुकी है। अन्य तीनों बच्चे गांव के परिषदीय स्कूल में पढ़ते हैं। घटनास्थल का निरीक्षण एसपी सिटी एवं सीओ कैंट ने किया।
इस संबंध में एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन नाली में गिरने से मौत की बात सामने आ रही है। परिजनों ने किसी से विवाद होने से इंकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा।