सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थानाक्षेत्र के मंगराव गांव में ससुराल आए युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटकता हुआ मिला। इससे गांव में सनसनी फैल गई है।
डुमरियागंज थानाक्षेत्र के मंगराव गांव निवासी शिवप्रताप ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी बांसी कोतवाली क्षेत्र के नरकटहा गांव निवासी नीरज (35) पुत्र जगदंबा प्रसाद से की थी। परिजनों के मुताबिक नीरज 15 दिनों से मंगराव गांव स्थित ससुराल में पत्नी प्रियंका और बच्चों के साथ आकर रह रहा था।
यहीं पर मजदूरी करके बच्चों का पालन पोषण करता था। दीपावली पर अपने घर नरकटहा गया था, उसके बाद फिर मंगराव आया था। गुरुवार को नीरज, उसका साला आशीष और मनीष खाना खाकर सोने चले गए। कुछ देर बाद नीरज और उसकी पत्नी प्रियंका किसी बात पर आपस में बहस करने लगे।
दोनों की बात सुनकर आशीष और मनीष मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर दोनों को शांत कराया। सुबह करीब पांच बजे गांव के प्रधान ने देखा कि गांव के उत्तर स्थित आम के पेड़ पर नीरज की लाश लटकती मिली। प्रधान ने उसके ससुर शिवप्रताप के साथ ही डुमरियागंज पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर डुमरियागंज पुलिस और मृतक नीरज परिजन भी आ गए। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। निरीक्षक डुमरियागंज कृष्णदेव सिंह ने बताया कि शिवप्रताप ने पुलिस को लिखित सूचना दी है, मामले की जांच की जा रही है।