संबलपुर यूनिवर्सिटी में आयोजित ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में अंतिम चार में पहुंची
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई हुई टीम
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की बैडमिंटन टीम ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। केएल यूनिवर्सिटी, गुंटुर, आंध्र प्रदेश में जनवरी में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए भी टीम क्वालीफाई हो गई है।
संबलपुर यूनिवर्सिटी, ओडिशा में 17 दिसंबर से ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी बैडमिंटन चैंपियनशिप चल रही है। डीडीयू की टीम ने इस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही इन दोनों प्रतिष्ठित स्पर्धाओं के लिए जगह बना ली। डीडीयू की टीम ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले को एकतरफा बनाते हुए बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर की टीम को 3-0 से शिकस्त दी।
क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय की टीम ने पहले मैच में वेस्ट बंगाल स्टेट यूनिवर्सिटी को 3-0 से, मिथिला यूनिवर्सिटी दरभंगा को 3-0 से और कोलकाता विश्वविद्यालय को संघर्षपूर्ण मैच में 3-2 के अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। क्वार्टर फाइनल में भी धमाकेदार जीत दर्ज की। डीडीयू की ओर से शिवम श्रीवास्तव, अविरल यादव और अयान खान ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम मैनेजर संजय श्रीवास्तव एवं प्रशिक्षक संजीव यादव की भी अहम भूमिका रही।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन, क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र, उपाध्यक्ष प्रो. विजय चहल, प्रो. आलोक गोयल, कोषाध्यक्ष प्रो. प्रत्यूष दुबे, बैडमिंटन टीम के प्रभारी प्रो. आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव डॉ. मनीष पांडेय ने टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है l