गोरखपुर विश्वविद्यालय के विधि संकाय में तीन दिन पहले 13 ताला तोड़कर चोरी की घटना के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन सजग नहीं हुआ है। चोरी के बाद रविवार और सोमवार को विश्वविद्यालय में प्रवेश को लेकर मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने सख्ती दिखाई थी लेकिन मंगलवार को छात्र-छात्राओं के अलावा बाहरी लोग बेरोकटोक आने-जाने के साथ परिसर में बाइक से फर्राटा भरते दिखे।
विधि संकाय में शुक्रवार-शनिवार की रात में मुख्य द्वार, लाइब्रेरी व दफ्तर सहित कई कमरों का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। सीसीटीवी कैमरा में चोरी की वारदात कैद हो गई थी। चोरी की घटना के बाद हर बार की तरह इस बार भी दो दिन मुख्य द्वार पर सख्ती दिखाई गई। विश्वविद्यालय परिसर में टहलने व खेलने जाने वाले युवकों को सुरक्षा गार्ड ने रोक दिया। विश्वविद्यालय में अध्ययन का कार्ड दिखाने पर ही छात्रों को अंदर जाने दिया गया।
मंगलवार को पूरी व्यवस्था वापस पुराने ढर्रे पर नजर आई। मुख्य द्वार से छात्र-छात्राओं के अलावा बाहरी युवक भी बेरोकटोक आते-जाते दिखे। इसके अलावा वे विश्वविद्यालय परिसर में बाइक से फर्राटा भरते नजर आए। कला संकाय के पास तिराहे पर तीन बाइक सवार तेजी से बेधड़क जाते दिखे। यही आलम केंद्रीय ग्रंथालय के पास तिराहे पर भी देखने को मिला।