गोरखपुर जिले के बड़हलगंज बाईपास रोड पर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर बृहस्पतिवार की रात पैसा मांगने पर शराब लेने आए युवकों ने फायरिंग कर दी। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस को दिए तहरीर में बलिया जनपद के हल्दी थाना क्षेत्र के दोपही गांव निवासी प्रदीप दुबे व मानवेंद्र ओझा ने बताया है कि हम दोनों बाईपास रोड पर स्थित अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकान के सेल्समैन हैं। बृहस्पतिवार की देर रात हमारी दुकान पर तीन लोग आए और शराब मांगने लगे।
पैसा मांगने पर बताए कि मैं सोनू यादव, दिनेश यादव व संजय निषाद हूं। हम लोग शराब का पैसा नहीं देते हैं। मना करने पर गाली देते हुए बोले कि बाहर आओ बताता हूं।
रोड के नजदीक आकर जो व्यक्ति अपना नाम संजय निषाद बता रहा था वह हमे जान से मारने की नियत से फायरिंग करते हुए फरार हो गए। एसएसआई अश्वनी तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।