गोरखपुर के रामगढ़ताल में लग्जरी क्रूज का संचालन करने के लिए नीलामी में शामिल अन्य तीन फर्म को भी गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) आमंत्रित करेगा। प्राधिकरण की तरफ से उन्हें पत्र भेजा जाएगा।
पत्र पहुंचने के तीन दिन के भीतर आवेदन करने वाली फर्म को भी क्रूज का संचालन करने का अधिकार दिया जाएगा। बशर्ते उन्हें नीलामी में लगी सर्वोच्च बोली 7.41 लाख रुपये प्रति माह की दर से किराया जमा करना होगा। फिलहाल सबसे अधिक बोली लगाने वाली कोलकाता की फर्म मेसर्स राजकुमार राय को संचालन का अधिकार मिल गया है।
इसके साथ ही तीन अन्य फर्म, डाइट फूड एंड फैशन प्राइवेट लिमिटेड, कांटिनेंटल डेवलपर्स और मीरा शुक्ला की ओर से 20 जून को दिए गए प्रस्तुतीकरण से जीडीए के अधिकारी संतुष्ट हैं। अब प्राधिकरण पत्र लिखकर इनको क्रूज संचालन के लिए आमंत्रित करने जा रहा है।
अगले सप्ताह तक सभी के पास पत्र पहुंच जाने की उम्मीद है। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि सर्वोच्च बोली के बराबर किराया जमा करने की शर्त पर नीलामी में शामिल तीन अन्य फर्म को भी क्रूज संचालन के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।