गोरखपुर जिले के झंगहा के पिपरहिया निवासी आशुतोष विश्वकर्मा (17) की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई थी। पुलिस ने घटना के साठ घंटे के भीतर ही हत्यारोपित चौरीचौरा के लक्ष्मनपुर गुलरबान टोला निवासी संदीप भारती को बृहस्पतिवार की सुबह मोतीरामअड्डा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयोग की गई चाकू, बाइक बरामद किया है। साथ ही जिस मोबाइल फोन से कॉल कर आशुतोष को बुलाया गया था, उसे भी बरामद कर लिया है।
सीओ चौरीचौरा रचना मिश्रा ने बताया कि बीते 21 अप्रैल की सुबह माईधिया पोखर में पिपरहिया निवासी आशुतोष की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में आशुतोष के पिता कमलेश की तहरीर पर अज्ञात पर केस दर्ज किया गया था।
पिता ने तहरीर में बताया था कि अज्ञात युवक ने आशुतोष के मोबाइल फोन पर कॉल कर बुलाया और चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद हत्यारोपित ने आशुतोष का मोबाइल फोन भी लूट लिया तभी से पुलिस हत्यारोपित की तलाश कर रही थी।