उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक की महिला ने जिस युवक पर पति की हत्या का आरोप लगाया था, अब उसी के साथ शादी करने का फैसला किया है। महिला मंगलवार को आरोपी के साथ थाने पहुंच गई। थानेदार की मौजूदगी में सुलहनामा दिया और कहा कि दोनों एक दूसरे को पसंद करते हैं। अब शादी करके साथ रहेंगे। आरोपी ने भी महिला व उसके बच्चों के पालन-पोषण का संकल्प दोहराया। हालांकि इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। तहरीर के आधार पर जांच चल रही थी।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड संख्या एक निवासी जनार्दन प्रसाद बीते 28 दिसंबर की शाम घर से निकला, लेकिन लौटा नहीं। 29 दिसंबर की सुबह जनार्दन का शव गोलीगंज के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस घटना की छानबीन कर रही थी। इस बीच जनार्दन की पत्नी माया उर्फ अनिता ने चार जनवरी को एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिया और मोहल्ले के दिनेश भारती पर हत्या का आरोप लगा दिया।
एसएसपी को लिखे पत्र में माया ने कहा कि आरोपी ही पति को बहला-फुसला कर ले गया और हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। एसएसपी ने पीपीगंज थानेदार से मामले की रिपोर्ट तलब कर ली। पुलिस की जांच तेज हुई तो शिकायत दर्ज कराने वाली महिला माया मंगलवार को आरोपी युवक के साथ थाने पहुंच गई। यह देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए। बाद में पता चला कि महिला आरोपी के साथ शादी करना चाहती है। जांच-पड़ताल से बचने के लिए पुलिस ने भी सुलह कराना ही सही समझकर मामले से पल्ला झाड़ लिया।