थाना क्षेत्र के पखनहा चौराहे पर बुधवार की भोर में घायलावस्था में मिली रेहाना नाम की नवविवाहिता ने लोगों को बताया कि उसका पति तथा उसका एक सहयोगी मिलकर उसे खड्डा से मंगलवार की देर रात को लेकर चले। भोर में उसका गला रेत दिया और मरा समझकर भाग गए। युवती ने बताया कि काफी देर बाद होश में आई, लेकिन दर्द इतना था कि वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। किसी तरह वह जमीन के सहारे घिसटकर चौराहे पर पहुंची। रेहाना ने बताया कि उसके पति ने पहले ही शादी कर लिया है। दो वर्षों से रेहाना से उसका संपर्क था। शादी के बाद वह घर खड्डा न रखकर इधर-उधर ही रखता था। अचानक मंगलवार की रात रेहाना को मारने की उसने योजना बनाई और गला रेतने के बाद मरा समझकर वहां से भाग गया।
पुलिस की सक्रियता से बची जान, एसओ ने इलाज का उठाया जिम्मा
बुधवार की भोर जैसे ही एसओ को इस घटना की जानकारी हुई, वह तत्काल पहुंचे और घायलावस्था में पड़ी रेहाना को सीएचसी विशुनपुरा अपने सरकारी वाहन से ले गए। वहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। एसओ जिला अस्पताल लेकर गए। वहां के डॉक्टरों ने भी कुछ इलाज करने के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
एसओ नंदा प्रसाद ने बताया कि दोनों आरोपी फरार है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। एसओ ने बताया कि युवती की जान बचाना प्राथमिकता है। एक एसआई और एक महिला कांस्टेबल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में युवती के साथ हैं। उन्होंने कहा कि युवती के मायके वालों के आने तक जो इलाज में खर्च लगेगा, उसे स्वयं वहन करुंगा।