महराजगंज कोतवाली पुलिस को एक छह साल का मासूम डॉन हाथ लगा, जिसके कारनामे सुनकर हर कोई सन्न है। छोटी उम्र में बड़ा कारनामा करने की चाहत है, ऐसे में घरवाले रात को उसकी पहरेदारी करते हैं। बावजूद इसके वह घरवालों को चकमा देकर रात को चोरी की वारदात करने निकल जाता है।
उसकी हरकतों से तंग आकर शहर के व्यापारी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी करते हैं। उन्हीं कैमरों की नजर में उसकी संदिग्ध हरकतें कैद हो गई तो उसकी कारस्तानी सामने आ गई।
पुलिस के मुताबिक, छह साल का बालक रोशनदान खिड़की, सटर खिसका कर कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। शुक्रवार को पुलिस उसको थाने लेकर आई तो वह सख्ती से पूछताछ के दौरान रोने लगा। उसकी मासूमियत देखकर शिकायत करने वाले व्यापारी भी सख्ती नहीं बरत पाए।
ऐसे में पुलिस उसे समझा-बुझाकर छोड़ दी। इसके पहले भी उसे पुलिस ने कई बार पकड़ा और समझा-बुझाकर परिजनों के हवाले कर दिया, लेकिन उसकी हरकतें बढ़ती जा रही हैं।
बालक के परिजनों के मुताबिक उसकी निगरानी की जाती है, लेकिन वह आंखों में धूल झोंक कर वह रात को धीरे से निकल जाता है। सदर कोतवाल मनीष सिंह ने उसकी हरकतों पर नजर रखने की पुष्टि के साथ ही पुलिस गश्त तेज होने की बात कही है।