उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कर्ज तले दबे शहर के एक युवा व्यवसाई ने शनिवार की रात में दुकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। दुकान में शव लटकते देख परिजनों और आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि घटनास्थल से पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, शहर के जलकल रोड परमार्थी पोखरा गली निवासी धनेश जायसवाल उर्फ मिंटू (36) पुत्र गंगा जायसवाल गल्ला मंडी में किराने की दुकान चलाता था। शनिवार की रात करीब 11.30 बजे तक जब वह दुकान बंद कर घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर कॉल किया तो फोन नहीं उठा। इस पर परिजन मृतक के परिचितों से संपर्क किए, लेकिन पता नहीं चला। कुछ देर बाद घर के लोग दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के भीतर फंदे के सहारे शव लटक रहा था। यह देख परिजनों के होश उड़ गए और शोर मचाने लगे।
मौके पर अन्य दुकानदार भी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी और कोतवाल अनुज कुमार सिंह पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दिए। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट पुलिस को मिला, जिसमें आत्महत्या का कारण कर्ज चुकता न होना बताया है।
कोतवाल ने बताया कि व्यवसाई ने आत्महत्या कर लिया है। सुसाइड नोट को देखने से ऐसा लगता है कि काफी कर्ज होने के कारण उसने यह कदम उठाया है। मामले की जांच की जा रही है।