रोते- बिलखते परिजन व घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर के जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के परमेश्वरपुर में शुक्रवार की रात साधु ललई कन्नौजिया (70) की हंसिया से गला काटकर हत्या कर दी गई। गांव के पास बोडीहवा पोखरे में शनिवार की सुबह उनका शव उतराता मिला। पास में खून से सना हुआ हंसिया भी बरामद हुआ है।
सूचना पाकर एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ खजनी योगेंद्र नारायण कृष्ण फॉरेंसिक टीम और डाग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, परमेश्वरपुर निवासी ललई कन्नौजिया गांव के बाहर प्राथमिक विद्यालय के बगल में कुटिया बनाकर अकेले ही रहते थे। उनके परिवार के लोग गांव में रहते हैं। खाना घर से ही आया करता था। शुक्रवार की रात उनकी पत्नी मनराजी भोजन लेकर कुटिया में गई थीं फिर वापस चली आईं।
दो बच्चों के पिता थे ललई
शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने उनके शव को पोखरे में देखा। कुटिया के पास से लेकर पोखरे तक खून पसरा था और पास में ही खून से सना हुआ हंसिया भी पड़ा हुआ था जिससे स्पष्ट हो गया है कि उससे ही हत्या की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमर के ऊपर, बाएं कान, आंख पर भी चोट के निशान हैं।
ललई कन्नौजिया के दो लड़के हैं। बड़े बेटे बेचई दिल्ली रहते हैं और छोटे रघुनाथ गीडा में काम करते हैं। मृतक के छोटे पुत्र रघुनाथ ने पुलिस को अज्ञात हत्यारों के खिलाफ तहरीर दी है।
खजनी सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण ने कहा कि साधु की हत्या हुई है। अभी हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक के परिवार से भी पूछताछ की गई है। मामले की छानबीन जारी है, जल्द ही पर्दाफाश कर लिया जाएगा।