गोरखपुर के होटल कृष्णा पैलेस में कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत मामले में फरार चल रहे हत्यारोपी इंस्पेक्टर जेएन सिंह, चौकी इंचार्ज अक्षय मिश्रा समेत छह पुलिस वालों पर एसआईटी ने एक-एक लाख रूपये का इनाम घोषित कर दिया है। बता दें कि शुक्रवार को इनपर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कानपुर के पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने बताया कि आरोपी पुलिस वालों पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। सरेंडर नहीं करने पर जल्द ही कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, दोस्तों के साथ घूमने आए मनीष गुप्ता के साथ 27 सितंबर को चेकिंग के दौरान मारपीट हुई थी। आरोप है कि पुलिस वालों की पिटाई से ही मनीष की मौत हो गई। पुलिस ने मनीष की पत्नी मीनाक्षी की तहरीर पर इंस्पेक्टर जेएन सिंह, अक्षय मिश्रा, विजय यादव समेत पर हत्या का केस दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान दरोगा राहुल दुबे, हेड कांस्टेबल कमलेश यादव, प्रशांत कुमार का नाम बढ़ाया गया था। घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार चल रहे है और उनकी तलाश में कानपुर की छह टीमें लगी हुई है लेकिन अभी सभी के हाथ खाली हैं।