गोरखपुर के पीपीगंज इलाके में गुरुवार को एक बॉक्स में महिला का शव मिला था। मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ा। पुलिस ने मृत महिला की फोटो के साथ पहनावा, हुलिया आदि की डिटेल भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की और नंबर जारी कर सूचना देने का आग्रह किया है। पुलिस ने यह भी लिखा है कि महिला के हाथ पर टैटू भी बना है।
उधर, दूसरी ओर पुलिस ने शुक्रवार को पीपीगंज, जंगल कौड़िया और चिलुआताल इलाके में टीन का बॉक्स बनाने वाले दुकानदारों से पूछताछ की। उन्हें बॉक्स व महिला के शव की तस्वीर दिखाकर उसके बारे में जानकारी मांगी गई। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
आसपास के जिलों की पुलिस को भी बॉक्स में महिला का शव मिलने की सूचना दी गई है। महिला की फोटो को दूसरे जिलों के थानों में वाट्सएप से भेजकर परिजनों का पता लगाने का पुलिस प्रयास कर रही है। हाल के दिनों में लापता हुई महिलाओं के बारे में गोरखपुर जोन के सभी थानेदारों से सूचना मांगी गई है।
महिला के बाएं हाथ में गोदना से बनाए गए डिजाइन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कहां के कारीगर इस तरह की डिजाइन बनाते हैं। इसका पता लगाया जा रहा है। कुछ टैटू बनाने वालों से भी पूछताछ की गई है। इसके अलावा जहां लाश फेंका गया था वहां जाने वाले संभावित रास्तों के सार्वजनिक स्थानों, प्रतिष्ठानों, पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है। साथ ही शव के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।