एसएसपी डॉ. विपिन ताडा
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी के आदेश के बाद भी पवन सिंह के घर पुलिस कभी नहीं गई। मुख्यमंत्री पर टिप्पणी करने का वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों को उसके बारे में जानकारी हुई। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने गोरखनाथ थानेदार से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। बीट पुलिस अधिकारी को भी तलब किया गया है। खबर है कि सख्ती किए जाने के बाद गोरखनाथ पुलिस सोमवार को पवन सिंह के घर पहुंची थी।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ इलाके का निवासी हिस्ट्रीशीटर पवन सिंह ने शुक्रवार की रात सोशल मीडिया पर ऑनलाइन होकर सीएम योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इसकी जानकारी एसएसपी डॉ विपिन ताडा को हुई, फिर भाजपा आर्यनगर मंडल के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश शर्मा की तहरीर पर गोरखनाथ पुलिस ने पवन सिंह के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। लेकिन, दो दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। गोरखनाथ थाना व क्राइम ब्रांच की टीम दो दिन से लखनऊ में पवन सिंह को ढूंढ रही है।
मामला संज्ञान में आने पर अधिकारियों ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि गोरखनाथ पुलिस हिस्ट्रीशीटर की निगरानी ही नहीं कर रही थी। सत्यापन के लिए अभियान चलने के बाद भी थानेदार, हल्का दारोगा के साथ ही बीट पुलिस अधिकारी उसके घर कभी नहीं गए।
एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने कहा कि हिस्ट्रीशीटर की निगरानी में लापरवाही बरती गई है। गोरखनाथ थानेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस मामले में विभागीय कार्रवाई भी होगी।