उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दुष्कर्म के आरोपी पैरामेडिकल कॉलेज के प्रबंधक डॉ. शंभूशरण गुप्ता को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया।
अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि प्रबंधक ने झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
आरोप है कि एक महीने पहले जब पीड़िता ने संबंध बनाने से मना किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। बाद में पीड़िता ने पुलिस के अफसरों से शिकायत की। इसके बाद सीओ कैंपियरगंज राहुल भाटिया को जांच सौंपी गई थी।
जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार दर्शाते हुए कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, पीड़िता का मेडिकल और बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।