गोरखपुर जिले में रविवार की रात लूट-चोरी की ताबड़तोड़ पांच घटनाओं से पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खुल गई है। हद तो यह है कि खोराबार में पुलिस पिकेट के पास ही लूट की घटना हो गई। पुलिसकर्मी बेखबर रहे क्योंकि वे डयूटी पर मौजूद ही नहीं थे।
जानकारी के मुताबिक, खोराबार इलाके के कुसम्ही में जिस दुकान में लूट हुई, उसके चार दुकान बाद ही बैंक पर पुलिस पिकेट की ड्यूटी लगती है। बताया जा रहा है कि रविवार रात वहां पर कोई भी पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। जिस वजह से लुटेरे वारदात कर आसानी से फरार हो गए। उधर, खजनी इलाके के एक मकान, गुलरिहा, पीपीगंज और झंगहा इलाके में दुकानों में भी चोरी की खबर है।
ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों के गहने की चोरी
गोरखपुर के गुलरिहा इलाके के जंगल डुमरी नंबर एक में रविवार रात सोने-चांदी और कपड़े की दुकान से नकदी समेत लाखों के गहने की चोरी हो गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है। एसपी नार्थ ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की।
जानकारी के अनुसार, जंगल डुमरी नंबर एक के चंबल घाटी चौराहे पर कमरहा बुजुर्ग निवासी राजेश गुप्ता की सोने-चांदी के गहनों की दुकान है। रविवार रात दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए गए। सुबह दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। वहीं स्थानीय निवासी शिवचंद्र वर्मा की बुद्ध बाजार में स्थित सोने-चांदी की दुकान में आलमारी का ताला तोड़कर चोर गहने उठा ले गए। इसी दुकान के पीछे वाले कमरे में स्थानीय निवासी देवीलाल के कपड़े की दुकान में भी चोरी की खबर है।