रोहतक में नए बस स्टैंड के नजदीक सेक्टर 6 स्थित एक होटल में सो रहे नजदीक गांव गढ़ी बोहर के 32 वर्षीय युवक रवि नांदल की हथियारबंद युवकों ने मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे गोली मारकर हत्या कर दी।
मौके पर मौजूद होटल मालिक को रिवाल्वर दिखाकर बंधक बना लिया था, ताकि पुलिस को फोन न किया जा सके। वारदात के पीछे रंजिश है या दूसरी वजह, इसकी जांच पड़ताल के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार तड़के होटल मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि उसके होटल में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की।
मृतक की पहचान गढ़ी बोहर निवासी रवि नांदल के तौर पर हुई। मामले की सूचना परिजनों को दी गई। साथ ही होटल मालिक ने पुलिस को बताया कि मंगलवार तड़के चार हथियारबंद युवक आए और उसे पिस्तौल दिखाकर बंधक बना लिया।