गोरखपुर के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भौवापार के चौबे टोला निवासी संदीप चौहान को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने सरैया करमा बाबा चौराहा से आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने आरोपी पर जालसाजी, आपराधिक साजिश और धमकी देने की धारा में तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया था। मंगलवार की दोपहर बाद आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि संदीप ने तमाम लोगों से नौकरी व जमीन दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस को अंजेंद्र शेखर यादव पुत्र रामजी निवासी रामजानकी नगर बशारतपुर थाना शाहपुर तथा सुधीर कुमार पुत्र मोतीचंद निवासी ग्राम बिलारी थाना चौरीचौरा द्वारा सूचना दी गई कि भौवापार निवासी संदीप चौहान सात लोगों से एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी की है।
इसके साथ ही जमीन दिलाने के नाम पर भी लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस को तहरीर भी दी गई थी। तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में थी। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से पूछताछ में अभियुक्त संदीप ने बताया कि हमने नौकरी दिलाने के नाम पर 35 लाख हड़पा है। थाना प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि पैसा हड़प कर दो साल तक गायब रहा। इसने सात लाख सुधीर कुमार से नौकरी दिलाने के नाम पर तथा अजेंद्र से चार लाख रुपये जमीन दिलाने के नाम सहित सात लोगों से 35 लाख रुपये लिया है। आरोपी को जेल भेजा गया है।