टीटीई अनिल सिंह की पिटाई के आरोपित दीपक प्रजापति ने भी जीआरपी में तहरीर दी है। घटना के बाद दीपक के सहयोगी और ठेकेदार पहुंच गए। रात करीब आठ बजे दीपक की ओर से दी गई तहरीर में टीटीई के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया गया है। हालांकि देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।
रेल यूनियन का प्रदर्शन, ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग
टीटीई की पिटाई की सूचना पाते ही कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी भी पहुंच गए। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के के महामंत्री विनोद कुमार राय ने घटना की सूचना रेलवे के अधिकारियों को देकर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की है।
प्रवक्ता एके सिंह ने कहा कि रेलवे परिसर में गुंडों का वर्चस्व बढ़ गया है। ठेकेदारों के लोग आए दिन मारपीट कर रहे हैं। अगर कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन शुरू होगा।
वहीं जीआरपी थाने पहुंचे एनई रेलवे मजदूर यूनियन के संयुक्त महामंत्री ओंकार सिंह, केंद्रीय कोषाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, संजय मालवीय के नेतृत्व में कर्मचारियों ने स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। डीआरएम से रेल परिसर में अराजक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गई। नेताओं ने दो दिन में अन्य आरोपितों के गिरफ्तारी की मांग की है।