निचलौल थाना क्षेत्र के टिकुलहिया निवासी त्रिलोकी सहानी ने बताया कि बेटी पार्वती (36) की शादी करीब पंद्रह वर्ष पूर्व ठूठीबारी क्षेत्र के मेघौली कला के टोला लमुहा निवासी जोगिंदर से किया था। कुछ वर्ष बीतने के बाद दामाद जोगिंदर पार्वती को साथ लेकर अपने छोटे भाई चंदशेखर से अलग हो गया था।
इस दौरान दोनों के बीच बंटवारे को लेकर कई बार विवाद होता रहता था। दामाद जोगिंदर रोजी रोटी के इंतजाम करने के लिए बीते छह माह पहले बैंगलोर गया हुआ है। कोरोना संक्रमण के चलते वह लॉकडाउन में घर नहीं आ पाया था। इसी बीच मामूली बात को लेकर पार्वती और उसके देवर चंद्रशेखर में कहासुनी हो गई। जिससे आक्रोशित देवर चंद्रशेखर ने धारदार हथियार से पार्वती पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाते समय पार्वती की रास्ते में मौत हो गई। मृतक पार्वती के तीन बच्चें संजना (8), रिया (6) व प्रिंस (4) हैं।
निचलौल क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। घटनास्थल से धारदार हथियार गड़ासा व हाशिया बरामद हुआ है। वही आरोपी देवर चंद्रशेखर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।