गोरखपुर के गोला इलाके के पांडेयपार उर्फ डड़वा गांव में कविता (26) ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। शव के पास ही बच्चे की रोने की आवाज सुनकर घरवाले कमरे में गए तो उन्हें घटना की जानकारी हो सकी। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेजा और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कविता का पति जनार्दन सऊदी अरब में हैं।
जानकारी के मुताबिक, सिकरीगंज के ग्राम बर्ला निवासी राम दुलारे यादव ने अपनी बेटी कविता की शादी गोला थाना क्षेत्र के ग्राम पांडेयपार उर्फ डड़वा निवासी मुखलाल यादव के पुत्र जनार्दन के साथ जून 2018 में की थी। पति जनार्दन वर्तमान समय में सऊदी में है।
मंगलवार की रात कविता का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। कमरे में उसका एक साल का बच्चा रो रहा था। ससुराल के लोगों ने रात को ही घटना की सूचना कविता के घरवालों और पुलिस को दी। सूचना पाकर कविता के मायके के लोग व गोला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। कविता के ससुराल वालों का कहना है कि उसकी खुदकुशी का कारण उन्हें पता नहीं है।