सिद्धार्थनगर जिले के जोगिया कोतवाली क्षेत्र के भुजराई गांव में मंगलवार देर शाम रंजिश में दो पक्षों में मारपीट हुई। फावड़े के हमले में शख्स की जान चली गई। तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के भुजराई गांव निवासी कृष्णचंद (40) से पड़ोस के ही एक व्यक्ति से रंजिश चल रही थी। बुधवार देर शाम दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि इसी बीच कृष्णचंद पर फावड़े से हमला कर दिया गया। खून से लथपथ हो कर वह जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन उसे जिला अस्पताल लाए, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बुधवार की सुबह कृष्णचंद की मौत हो गई। परिवार के सदस्य गुलाब तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
साथ ही पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को हिरासत में भी लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसओ जोगिया अंजनी राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ मौके पर गए थे। परिजनों की तहरीर के आधार पर चार लोगों पर हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।