उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नकटीदेई बुजुर्ग गांव के 30 वर्षीय युवक ने मायके में रह रही पत्नी को घर लाकर मौत के घाट उतार दिया। खुद ही अपने साले को मोबाइल पर फोटो डालकर हत्या करने की जानकारी दी। साथ ही उसने पुलिस के 112 नंबर पर भी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस शव कब्जे में लेकर युवक तथा उसके माता पिता को हिरासत में ले कर मामले की छानबीन में जुट गई। नायब तहसीलदार खुशबू सिंह की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाया।
नकटीदेई बुजुर्ग निवासी गुरु प्रसाद तिवारी के सबसे छोटे पुत्र अमरीश की शादी लगभग चार साल पहले गोंडा जिले के वीरपुर गांव में राधेश्याम पांडेय की पुत्री पुष्पा के साथ हुई थी। शादी के बाद से अमरीश अपनी पत्नी को अपने साथ लेकर गाजियाबाद चला गया। वहां दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
इधर सात महीने से उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले शनिवार को वह स्वयं ही जाकर उसके मायके से विदा कराकर लाया। मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिस पर लड़की के पिता राधेश्याम पांडेय घर आए और दोनों को समझा बुझाकर लौट गए।