गोरखपुर में करीब सप्ताह भर से लापता चिलुआताल के सोनबरसा गांव निवासी नकुल (20) का शव बुधवार सुबह पीपीगंज के मानीराम कुदरिहा चिमटा बंधे किनारे मिला। युवक के दोनों हाथों के पंजे और दाहिना पैर घुटने के नीचे से गायब था। उसके गले पर भी दबाने के निशान मिले हैं। आशंका है कि बेरहमी से उसके हाथ-पैर काटे गए हैं या फिर जानवरों ने नोंचा है।
लापता युवक का शव मिलने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एसपी नार्थ मनोज अवस्थी मौके पर पहुंच गए। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नकुल 11 मार्च को पड़ोसी रविंद्र के घर ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। तभी उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया। वह घर पर थोड़ी देर में लौटने की बात कहते हुए बाइक से निकल गए थे। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने फोन मिलाया तो मोबाइल फोन बंद मिला।
परिजनों ने दूसरे दिन चिलुआताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार की सुबह चिमटा बंधे के किनारे जानवर एक शव को नोंच रहे थे। यह देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो उसकी पहचान नकुल के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नकुल के गले पर दबाने के निशान थे और जीभ बाहर निकली हुई थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।