उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने आत्महत्या नहीं की थी, उसके पति ने शुक्रवार को गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी और आरोपियों की प्रताड़ना के चलते आत्महत्या की बात प्रचारित कर दी। पति की इस साजिश का ताना-बाना पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आते ही खुल गया। पुलिस ने पति को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पति ने शुक्रवार को बांसगांव पुलिस को अपनी पत्नी की आत्महत्या की सूचना दी। आरोप लगाया कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। 19 जून 2021 को महिला के पति ने इलाके के ही तीन युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में एक आरोपी जेल में है।
आत्महत्या का मामला होने के चलते पुलिस ने पीड़िता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फारेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की। शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पता चला कि महिला की मौत दम घुटने से हुई है। उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।