गोरखपुर जिले के शाहपुर क्षेत्र की जिस 12 वर्षीया बालिका ने अपनों पर जबरन हरियाणा भेजने का आरोप लगाया था, उसे मंगलवार को बालिका आश्रय गृह खोराबार भेज दिया गया। इससे पहले सीडब्ल्यूसी के सदस्यों ने बालिका की काउंसलिंग की। अब बालिका की मां की काउंसलिंग होगी, जिसके बाद बालिका की अभिरक्षा को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
सोमवार की दोपहर बाद शाहपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने यूपी 112 पर सूचना दी कि एक बच्ची को जबरन हरियाणा भेजा जा रहा है। पुलिस बताए गए पते पर पहुंची तो वहां मिली बालिका ने बताया कि उसे एक महिला के साथ हरियाणा भेजने की तैयारी है, लेकिन वह जाना नहीं चाहती है। इसके बाद बालिका को चाइल्ड लाइन की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
सूत्रों के अनुसार मंगलवार को दोपहर बाद बालिका को बाल कल्याण समिति के सदस्यों के समक्ष लाया गया। वहां सदस्यों ने उससे एकांत में बात की। इसके बाद उसे बालिका आश्रय गृह भेजने का निर्देश दिया गया। बताया जा रहा है कि बुधवार को बालिका की मां को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। इसके बाद बालिका को आश्रय गृह में ही रखा जाएगा अथवा उसकी मां को ही सुपुर्द किया जाएगा, इस पर निर्णय लिया जाएगा।
शादी के लिए भेजने की बात आ रही है सामने
इस प्रकरण में अभी पुलिस कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं कह रही है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इस 12 वर्षीया बालिका को हरियाणा में शादी के लिए भेजा जाना था। लेकिन, बालिका ने समय रहते पड़ोसियों की मदद से पुलिस तक सूचना पहुंचा दी। शाहपुर एसओ दुर्गेश सिंह का कहना है कि बालिका अब बाल कल्याण समिति की निगरानी में है। बाल कल्याण समिति के सदस्य उसकी काउंसलिंग कर रहे हैं। पुलिस भी मामले की छानबीन में जुटी है। अभी इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं है।