गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के गहासाड़ रेलवे फाटक के पास सोमवार को एक युवती का शव ट्रैक पर मिला। युवती का पैर कटा था। घटना की सूचना पर पहुंची मां ने पूर्व में छेड़खानी करने वाले दरोगा पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, दिनेश प्रसाद की बेटी सुषमा (18) का शव मिलने की सूचना ट्रेन ड्राइवर ने पुलिस को दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद घरवालों को जानकारी दी तो उसकी मां संगीता भी पहुंच गई।
मां ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए बताया कि 28 अप्रैल की रात में उसकी बेटी के साथ तब बस्ती के रहने वाले सहजनवां थाने में तैनात दरोगा ने छेड़खानी की थी। भागते समय उसका सर्विस रिवाल्वर भी छूट गया था। पुलिस ने उस पर कार्रवाई की थी जिस वजह से वह खुन्नस रखता था।
मां का आरोप है कि उसने ही रेलवे ट्रैक के सामने बेटी को फेंककर हत्या कर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गीडा दिनेश दत्त मिश्र का कहना है कि ट्रेन के ड्राइवर के शव की जानकारी मिली। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है लेकिन दूसरे विभिन्न पहलुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है।